रायगढ़, 3 फरवरी।
छाल थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पीड़िता ने 2 फरवरी को थाना छाल में आवेदन देकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह स्वास्थ्य कारणों से जनवरी 2025 से मायके में रह रही है। अप्रैल माह में कच्चे मकान की मरम्मत के लिए मिट्टी डलवाई गई थी, इसी दौरान छाल निवासी चंद्रभान यादव के जरिए आरोपी का घर आना-जाना शुरू हुआ।
मामले का विवरण
महिला के अनुसार 6 अप्रैल रविवार को आरोपी छुट्टी के दिन शाम को उसके घर आया। बातचीत के दौरान उसने कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसे पीने के बाद महिला को नींद आने लगी। घर में अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
महिला की शिकायत पर थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने तत्काल अपराध क्रमांक 11/2026 धारा 64(2)(एम) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। महिला उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर एवं महिला थाना टीम द्वारा पीड़िता के बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी चंद्रभान यादव पिता दुर्ग विजय यादव, निवासी ग्राम शाहपुर पोस्ट अजीजाबाद थाना जहानागंज जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी आईएससी साइडिंग नदी किनारे, हाटी पेट्रोल पंप के पास थाना छाल क्षेत्र, को गिरफ्तार किया। आवश्यक कार्रवाई और मेडिकल जांच के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरे मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के साथ प्रधान आरक्षक शंभू पांडेय, शंकर क्षत्रिय और आरक्षक भगवती लक्ष्मे की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराधों में पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई करेगी और आरोपी को सजा दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी।
















