छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में 13 से 15 फरवरी तक होने वाले मैनपाट महोत्सव की तैयारियां जिला प्रशासन ने जोर-शोर से शुरू कर दी हैं। सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए कलेक्टर अजीत वसंत ने तीन दिनों के लिए क्षेत्र की सभी शराब दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया है।
जारी आदेश के मुताबिक, छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24(1) के तहत 13, 14 और 15 फरवरी को रोपाखार मैनपाट में संचालित सभी विदेशी और कंपोजिट शराब दुकानों को पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा। इस दौरान शराब का विक्रय, परिवहन और परोसने पर पूर्ण रोक रहेगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को आदेश के पालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
मैनपाट महोत्सव रोपाखार जलाशय के पास आयोजित होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय महोत्सव का शुभारंभ करेंगे, जबकि पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्थानीय कला-संस्कृति की प्रस्तुतियां और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां आयोजित होंगी। प्रशासन ने इसे शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्य आकर्षण: मेला, फूड जोन और बोटिंग
महोत्सव के दौरान ओपन कुश्ती दंगल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। महोत्सव स्थल पर विशाल मेला और फूड जोन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। रोपाखार जलाशय में बोटिंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा फैंसी पतंग उत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।
विभागीय स्टॉल में दिखेगा विकास का चित्र
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, वन विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, जेल विभाग, रेशम विभाग, समाज कल्याण विभाग, हस्तशिल्प विकास बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग शामिल हैं। इन स्टॉलों में जनता को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी मिलेगी।
















