नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कांकेर पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। कांकेर जिले में डीआरजी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की संयुक्त टीम छोटे बेतिया थाना क्षेत्र के बिनागुंडा इलाके में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नक्सलियों ने जंगल में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक छिपाकर रखे हैं। पुख्ता जानकारी के आधार पर जवानों ने सावधानी से तलाशी अभियान चलाया और हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया।
ठिकाना छोड़कर भागे नक्सली
बरामद सामान में 2 बीजीएल लॉन्चर, 2 नग 12 बोर बंदूक, 1 एयरगन, 3 डायरेक्शनल आईईडी, 5 किलो का एक टिफिन आईईडी, 30 बीजीएल बम, 12 बोर के 26 राउंड, 2 किलो बारूद और आईईडी बनाने की अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस के मुताबिक यह इलाका पहले नक्सलियों का सुरक्षित ठिकाना माना जाता था, लेकिन पिछले दो साल में यहां कई बड़े मुठभेड़ हुए हैं। लगातार कार्रवाई के चलते नक्सली अपने ठिकाने छोड़कर भागने को मजबूर हो गए हैं।
संभावित ठिकानों पर सुरक्षा बलों की नजर
सूत्रों के अनुसार, नक्सली अब छोटी-छोटी टोलियों में बंटकर गतिविधियां चला रहे हैं ताकि सुरक्षा बलों की नजर से बच सकें। हालांकि, उनके छिपाए गए हथियार लगातार बरामद किए जा रहे हैं। एएसपी नक्सल ऑपरेशन आकाश श्रीमाल ने बताया कि संयुक्त अभियान में यह अहम सफलता मिली है और नक्सलियों के सभी संभावित ठिकानों पर सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इलाके में सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा।
















