छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार रैकेट का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार किया है, जो इस नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।
अब तक 12 लोग गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है, जहां कई इलाकों में अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और मौके से रैकेट में शामिल पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले में अब तक कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दो महीने पहले भी हुआ था खुलासा
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले भी अंबिकापुर में इसी तरह के एक रैकेट का भंडाफोड़ हुआ था। कोतवाली पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर आकाशवाणी चौक के पास छापा मारा था, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था। जांच के दौरान देह व्यापार में लिप्त एक महिला सहित सात लोगों को हिरासत में लिया गया था। साथ ही होटल के मैनेजर और एक कर्मचारी को भी गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
















