छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले स्थित माँ महामाया दरिमा एयरपोर्ट से लंबे समय से बंद पड़ी हवाई सेवा एक बार फिर शुरू होने की तैयारी में है। इसको लेकर Alliance Air ने एयरपोर्ट अथॉरिटी से अनुमति मांगी है।
प्रस्ताव के अनुसार, अब अंबिकापुर और बिलासपुर से सीधे दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और रायपुर जाने की जरूरत कम होगी।
ऐसा रहेगा फ्लाइट का रूट
जानकारी के मुताबिक, एलायंस एयर सप्ताह में दो दिन यहां से उड़ान संचालित करने की योजना बना रही है।
- सोमवार: दिल्ली → बिलासपुर → अंबिकापुर → दिल्ली
- बुधवार: दिल्ली → अंबिकापुर → बिलासपुर → दिल्ली
इस नई सेवा से सरगुजा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
कितना हो सकता है किराया
इस रूट पर 72 सीटों वाले ATR विमान चलाने की योजना है। अनुमान है कि दिल्ली तक का किराया करीब 4500 से 6000 रुपये के बीच हो सकता है। इससे आम यात्रियों के लिए भी हवाई सफर करना आसान हो जाएगा।
पहले भी शुरू हुई थी सेवा, लेकिन नहीं चल पाई
गौरतलब है कि इससे पहले Flybig द्वारा 19 सीटों वाली विमान सेवा शुरू की गई थी, लेकिन यह ज्यादा समय तक नहीं चल सकी।
इसकी वजहों में विमान की कमी, सही रूट प्लानिंग का अभाव और अनियमित उड़ानें शामिल थीं।
अब उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च के अंतिम सप्ताह से नई फ्लाइट सेवा शुरू होने पर सरगुजा संभाग के लोगों को सीधे दिल्ली से जुड़ने का लाभ मिलेगा।
















