घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को मजबूत शुरुआत की। BSE का सेंसेक्स सुबह 9:19 बजे करीब 435 अंकों की तेजी के साथ 82,661 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं NSE का निफ्टी 131 अंकों की बढ़त के साथ 25,556 के आसपास ट्रेड करता दिखा।
आज बाजार में आईटी सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। Tech Mahindra, HCL Technologies, TCS, Infosys और NTPC के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
वहीं दूसरी ओर Dr. Reddy’s Laboratories, Eicher Motors, Maruti Suzuki, Bharat Electronics और Coal India के शेयरों में गिरावट देखी गई।
आईटी और मेटल सेक्टर में तेजी
आज के कारोबार में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में रहे। आईटी इंडेक्स में करीब 2% की तेजी दर्ज की गई, जबकि मेटल सेक्टर में भी करीब 1% की बढ़त देखने को मिली। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी दिखी, जिससे निफ्टी मिडकैप इंडेक्स लगभग 0.4% और स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 0.5% ऊपर रहा।
बाजार में तेजी की वजह आईटी और मेटल सेक्टर की मजबूती रही, जबकि ऑटो और फार्मा शेयरों में कुछ दबाव देखने को मिला।
रुपया भी हुआ मजबूत
बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 6 पैसे की बढ़त के साथ 90.89 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
रुपया 90.94 पर खुला और थोड़ी ही देर में 90.89 तक मजबूत हो गया। इससे पहले मंगलवार को रुपया 90.95 पर बंद हुआ था।
विशेषज्ञों के अनुसार, कमजोर डॉलर और घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के कारण रुपये को सहारा मिला है। हालांकि, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के चलते रुपये में ज्यादा तेजी नहीं आ पा रही है।
















