जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में एक बार फिर पाकिस्तान की नापाक हरकत सामने आई है। रविवार तड़के एक पाकिस्तानी ड्रोन नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारतीय सीमा में घुस आया, जिसके बाद भारतीय सेना ने उस पर गोलीबारी की।
अधिकारियों के मुताबिक, ड्रोन की गतिविधि नजर में आते ही सेना ने तुरंत कार्रवाई की और उसे पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सेना अलर्ट मोड में है।
इससे पहले 27 फरवरी को भी पुंछ में संदिग्ध ड्रोन देखे गए थे। उस दौरान भी लाइन ऑफ कंट्रोल पर हवाई गतिविधि का पता चलते ही सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। सेना की फायरिंग के बाद ड्रोन वापस लौट गए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के चलते सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और ड्रोन मूवमेंट पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
इसी बीच हाल ही में पुंछ के एक सीमावर्ती गांव में आतंकियों के ठिकाने का भी खुलासा हुआ था। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए थे। इसमें 4.5 किलो का एक बड़ा IED, 800 ग्राम का छोटा IED, दो चीनी हथगोले, 9 एमएम की पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस शामिल थे।
सेना की व्हाइट नाइट कोर और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया था। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए इस ऑपरेशन में आतंकियों की बड़ी साजिश को नाकाम किया गया।
गौरतलब है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए हुए है। वहीं पाकिस्तान की ओर से लगातार घुसपैठ और ड्रोन के जरिए हथियार पहुंचाने की कोशिशें की जाती रही हैं, लेकिन भारतीय सेना हर बार मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
















