देश भर में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा और छत्तीसगढ़ में भी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस साल 2 मार्च सोमवार को होलिका दहन होगा और 4 मार्च को होली खेली जाएगी। 3 मार्च मंगलवार को चंद्र ग्रहण होने के कारण होली नहीं खेली जाएगी।
राजधानी में तैनात रहेगा बड़ा पुलिस बल
रायपुर पुलिस ने होली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता कर दिया है। पूरे शहर में 700 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा, पुलिस ड्रोन से निगरानी भी करेगी। हुड़दंग करने वालों से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम तैयार की गई है, जो जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करेगी।
50 प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग
रायपुर के 50 प्रमुख चौक-चौराहों पर फिक्स चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। सभी DCP और ACP थाना प्रभारियों के साथ पेट्रोलिंग करेंगे और शहर में शांति बनाए रखने का प्रयास करेंगे। जयस्तंभ चौक, घड़ी चौक, तेलीबांधा चौक जैसे हृदय स्थल पर भी विशेष निगरानी और चेकिंग की जाएगी। हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह रायपुर पुलिस ने होली के दौरान सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठा लिया है।
















