खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए निजी एयरलाइन SpiceJet ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। कंपनी ने घोषणा की है कि वह आज 4 मार्च को संयुक्त अरब अमीरात से 8 विशेष उड़ानों का संचालन करेगी, ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द स्वदेश लाया जा सके।
प्रमुख शहरों के लिए विशेष उड़ानें
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते पश्चिम एशिया के कई हिस्सों में हवाई क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिससे सामान्य उड़ान सेवाएं बाधित हैं। इसी स्थिति को देखते हुए स्पाइसजेट ने विशेष इंतजाम किए हैं।
इन 8 स्पेशल फ्लाइट्स के जरिए यूएई के फुजैराह से भारत के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए यात्रियों को लाया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि जरूरत पड़ने पर आगे भी अतिरिक्त उड़ानों की व्यवस्था की जा सकती है, ताकि किसी भी यात्री को परेशानी न हो।
- दिल्ली के लिए 4 विशेष उड़ानें संचालित
- मुंबई के लिए 4 उड़ानें संचालित
- कोच्चि के लिए 1 उड़ान संचालित
इससे पहले एयरलाइन ने 3 मार्च को 4 विशेष उड़ानें संचालित कीं। स्पाइसजेट 4 मार्च से अपनी निर्धारित फुजैरा-दिल्ली और फुजैरा-मुंबई उड़ानें बहाल कर देगी।
कुवैत में फंसे 300 भारतीय नागरिक
वही , कुवैत में लगभग 300 भारतीय नागरिक फंस गए हैं। ये सभी फिलहाल कुवैत के होटल क्राउन प्लाजा में ठहरे हुए हैं, लेकिन वहां की स्थिति अब गंभीर होती जा रही है। फंसे हुए कल्पेश संजय राठी का कहना है कि न तो होटल प्रबंधन उनकी मदद कर रहा है और न ही कुवैत सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन मिल रहा है। इन 300 नागरिकों में से अधिकांश लोग महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। ये यात्री किसी काम या ट्रांजिट के सिलसिले में वहां पहुंचे थे। होटल में फंसे भारतीयों ने भारत सरकार और कुवैत स्थित भारतीय दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।















