असम में गुरुवार शाम भारतीय वायु सेना का एक सुखोई Su-30MKI लड़ाकू विमान रडार से लापता हो गया।जानकारी के अनुसार, यह विमान जोरहाट से नियमित मिशन के लिए उड़ान भर रहा था, लेकिन शाम लगभग 7:42 बजे ग्राउंड कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया।
वायु सेना ने विमान के लापता होने की पुष्टि करते हुए तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
शुरुआती रिपोर्टों में कहा गया है कि विमान का रडार संपर्क कार्बी आंगलोंग जिले के पहाड़ी और घने जंगलों वाले इलाके में टूट गया।
स्थानीय लोगों ने शाम करीब 7 बजे चोखिहोला क्षेत्र के पास तेज धमाके की आवाज सुनी और पहाड़ियों से धुआं उठते देखा, जिससे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।
गुवाहाटी के डिफेंस पीआरओ ने बताया कि स्थिति का आकलन करने और विमान का पता लगाने के लिए वायु सेना की विशेष टीम तुरंत तैनात कर दी गई है।















