आजकल कई लोगों की रोज़मर्रा की जिंदगी में चीनी एक अहम हिस्सा बन गई है। सुबह की चाय से लेकर मिठाइयों और डेज़र्ट तक, हर जगह चीनी का इस्तेमाल होता है। हालांकि, चीनी का ज्यादा सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक माना जाता है। यही वजह है कि बढ़ती हेल्थ अवेयरनेस के बीच अब लोग चीनी की जगह गुड़ को अपनाने लगे हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि चीनी की जगह गुड़ का सेवन करने से सेहत को कौन-कौन से फायदे मिल सकते हैं।
गुड़ चीनी से बेहतर क्यों माना जाता है?
गुड़ में आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम और कैल्शियम जैसे मिनरल्स मौजूद होते हैं। यही वजह है कि इसे ज्यादा प्राकृतिक और पौष्टिक विकल्प माना जाता है। खासकर उन लोगों के लिए, जिन्हें आयरन की कमी रहती है, सीमित मात्रा में गुड़ फायदेमंद हो सकता है।
गुड़ खाने के फायदे
गुड़ पाचन तंत्र को सक्रिय करने में मदद करता है। यह डाइजेस्टिव एंजाइम्स को उत्तेजित करता है, जिससे खाना आसानी से पचता है और कब्ज की समस्या कम हो सकती है। इसके अलावा गुड़ में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और मिनरल्स इम्यून सिस्टम को सपोर्ट करते हैं। यह शरीर में जमा टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में सहायक माना जाता है और हल्की थकान में तुरंत ऊर्जा देने का काम करता है।
डायबिटीज मरीजों के लिए सावधानी
हालांकि गुड़ का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) रिफाइंड चीनी से थोड़ा कम होता है, लेकिन यह फिर भी शुगर का ही एक रूप है। इसका मतलब है कि यह ब्लड शुगर लेवल बढ़ा सकता है। डायबिटीज के मरीज का शुगर लेवल असंतुलित हो सकता है। इसलिए अगर आपको डायबिटीज है या प्रीडायबिटिक कंडीशन है, तो गुड़ को डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट से सलाह जरूर लें।
कितना और कैसे खाएं?
गुड़ चीनी से बेहतर विकल्प है, लेकिन यह कोई चमत्कारी सुपरफूड नहीं है। इसमें भी कैलोरी होती है और अधिक सेवन से वजन बढ़ सकता है। इसलिए इसे सीमित मात्रा में ही लेना चाहिए। कोशिश करें कि बिना ज्यादा प्रोसेस किया हुआ, शुद्ध देसी गुड़ चुनें। अगर आप चीनी का ज्यादा पौष्टिक विकल्प ढूंढ रहे हैं, तो गुड़ एक अच्छा विकल्प हो सकता है, लेकिन संतुलन बेहद जरूरी है। हेल्दी लाइफस्टाइल का असली मंत्र है संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सीमित मात्रा में मीठा।
(डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। दिन का भास्कर किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)















