अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध तनाव का असर अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी दिखाई देने लगा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी के कारण शहर के 20 से अधिक रेस्टॉरेंट बंद हो गए हैं, जिससे होटल और फूड कारोबार पर असर पड़ रहा है।
शादी-ब्याह के सीजन पर भी पड़ा असर
जानकारी के मुताबिक रायपुर में 100 से ज्यादा बड़े रेस्टॉरेंट संचालित होते हैं। इनमें से कई जगहों पर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। गैस की कमी के चलते रेस्टॉरेंट संचालकों को फिलहाल अपने प्रतिष्ठान बंद करने पड़े हैं। रसोई चलाना मुश्किल हो गया है, जिसका असर शादी-ब्याह के सीजन पर भी देखने को मिल रहा है।
होटल और रेस्टॉरेंट कारोबार प्रभावित
कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे आयोजनों की तैयारियों में परेशानी हो रही है। कई कैटरर्स को वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं। वहीं शहर के बड़े होटलों के पास भी कमर्शियल गैस का सिर्फ 2 से 3 दिन का ही स्टॉक बचा है। अगर जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में और भी होटल व रेस्टॉरेंट प्रभावित हो सकते हैं।
















