मार्च के महीने में बढ़ती गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इसी बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभमंडल में करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 69 डिग्री पूर्व और 33 डिग्री उत्तर के आसपास स्थित है।
मौसम विभाग का कहना है कि 14 मार्च से प्रदेश के उत्तरी हिस्से में उत्तर दिशा से और दक्षिणी हिस्से में दक्षिण दिशा से बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं आने की संभावना है। इन हवाओं के असर से वातावरण के निचले स्तर पर मध्य छत्तीसगढ़ में एक विंड कनफ्लुएंस जोन बनने के आसार हैं। इसके चलते 15 और 16 मार्च को प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण 13 मार्च से बस्तर संभाग के कुछ जिलों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। 14 मार्च को दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है।
वहीं 15 और 16 मार्च को प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान तेज हवा, अंधड़ और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 मार्च से बस्तर संभाग में अधिकतम तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में 15 मार्च से तापमान कम होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
















