छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान 350 से अधिक घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
कलेक्टर के निर्देश पर शुरू हुआ जांच अभियान
यह पूरी कार्रवाई रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर की गई। खाद्य विभाग की टीम ने जिले के अलग-अलग विकासखंडों में होटल, दुकानों और गैस एजेंसियों की जांच की। जांच के दौरान कई जगहों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग और स्टॉक में अनियमितता सामने आई।
होटल और चिकन सेंटर से घरेलू सिलेंडर बरामद
धरसींवा विकासखंड के सेजबहार इलाके में एक होटल में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा था। यहां से 14.2 किलोग्राम क्षमता के 8 सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा इसी क्षेत्र के एक चिकन सेंटर से भी 3 घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए, जिनका उपयोग व्यवसायिक काम में किया जा रहा था।
दुकान में मिला सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला
अभनपुर-नवापारा क्षेत्र की एक दुकान में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया। यहां से 14.2 किलोग्राम क्षमता के 26 घरेलू सिलेंडर, 19 किलोग्राम क्षमता के 2 व्यावसायिक सिलेंडर और 5 किलोग्राम क्षमता के 4 छोटे सिलेंडर जब्त किए गए।
गैस एजेंसी के स्टॉक में पाई गई बड़ी गड़बड़ी
खाद्य विभाग की टीम ने इंडेन से जुड़ी एक ग्रामीण गैस एजेंसी की भी जांच की। भौतिक सत्यापन के दौरान एजेंसी के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर मिला। जांच में 14.2 किलोग्राम क्षमता के 101 भरे और 64 खाली घरेलू सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम क्षमता के 23 खाली व्यावसायिक सिलेंडरों की कमी पाई गई।
355 गैस सिलेंडर जब्त
अनियमितताएं सामने आने के बाद एजेंसी परिसर में मौजूद कुल 355 गैस सिलेंडर जब्त कर एजेंसी की सुपुर्दगी में रख दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी को रोकने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
















