अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण कई देशों की उड़ान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसी बीच कतर एयरवेज ने राहत देते हुए आज भारत के लिए 5 विशेष उड़ानें संचालित कीं। इनमें दिल्ली के लिए दो फ्लाइट्स जबकि मुंबई, कोच्चि और तिरुवनंतपुरम के लिए एक-एक उड़ान शामिल रही। इन उड़ानों के जरिए करीब 1600 भारतीय नागरिक सुरक्षित अपने देश लौटे।
कुल 9 फ्लाइट्स चलाने की तैयारी
मौजूदा हालात को देखते हुए कतर का हवाई क्षेत्र काफी हद तक बंद है, जिसके चलते कतर एयरवेज सीमित और विशेष उड़ानें ही चला रहा है। एयरलाइन ने सोमवार से भारत के 9 शहरों के लिए उड़ानें संचालित करने की योजना बनाई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को राहत मिल सके।
ऐसे करें टिकट बुकिंग
कतर में फंसे भारतीय यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे कतर एयरवेज की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत ट्रैवल एजेंट के जरिए अपनी टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा, दोहा स्थित भारतीय दूतावास उन यात्रियों की मदद कर रहा है जो सऊदी अरब के रास्ते सड़क मार्ग से भारत लौटना चाहते हैं। इसके लिए अस्थायी ट्रांजिट वीजा की सुविधा भी दी जा रही है।
24 घंटे सक्रिय है भारतीय दूतावास
दोहा में भारतीय दूतावास ने सभी जरूरी कांसुलर सेवाएं जारी रखी हैं। पासपोर्ट से जुड़ी सेवाओं सहित अन्य सहायता के लिए कंट्रोल रूम, हेल्पलाइन, ईमेल और व्हाट्सएप 24 घंटे सक्रिय हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिकों को तुरंत मदद मिल सके।















