सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) की सेवाएं बुधवार शाम अचानक ठप हो गईं, जिससे भारत में हजारों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector के अनुसार, शाम 8:17 बजे तक 1,200 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुईं, जो 8:30 बजे तक बढ़कर 4,500 के पार पहुंच गईं।
यूजर्स ने बताया कि वे अपनी फीड एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं और लिंक भी ओपन नहीं हो रहे। हालांकि नोटिफिकेशन मिल रहे हैं, लेकिन फीड रिफ्रेश नहीं हो रही। मोबाइल ऐप पर कई यूजर्स को “Cannot retrieve posts at this time. Please try again later” का मैसेज दिखा।
भारत के बड़े शहरों में ज्यादा असर
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में यूजर्स को टाइमलाइन रिफ्रेश करने, रिप्लाई देखने और पोस्ट करने में दिक्कतें आईं। शिकायतों में करीब 55% मोबाइल ऐप और 37% वेबसाइट से जुड़ी थीं।
अमेरिका में भी दिखा असर
यह समस्या सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही। अमेरिका में भी X की सेवाएं प्रभावित हुईं, जहां 30 मिनट के भीतर 14,000 से ज्यादा यूजर्स ने आउटेज की शिकायत दर्ज कराई।
पहले भी आ चुका है ऐसा आउटेज
इससे पहले फरवरी में भी इस प्लेटफॉर्म पर वैश्विक स्तर पर इसी तरह की तकनीकी समस्या आई थी, जिससे अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई देशों में 42,000 से ज्यादा यूजर्स प्रभावित हुए थे। उस समय करीब एक घंटे में सेवाएं बहाल हो गई थीं।
फिलहाल, इस बार आए आउटेज को लेकर X की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे यूजर्स में असमंजस बना हुआ है।
















