सोशल मीडिया के बढ़ते दौर में जहां हर कोई रील बनाने में जुटा है, वहीं सिक्किम के वन एवं पर्यावरण विभाग ने एक अहम आदेश जारी किया है। शुक्रवार को जारी इस निर्देश में विभाग के कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान रील बनाने या सोशल मीडिया पर निजी कंटेंट पोस्ट करने से मना किया गया है।
पेशेवर आचरण बनाए रखने पर जोर
प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF)-सह-प्रधान सचिव प्रदीप कुमार के निर्देश अनुसार, कर्मचारियों को काम के समय सोशल मीडिया के लिए वीडियो या पोस्ट बनाने की अनुमति नहीं होगी। आदेश में साफ कहा गया है कि इसका मकसद कर्मचारियों में पेशेवर आचरण बनाए रखना और सरकारी समय का सही उपयोग सुनिश्चित करना है।
आधिकारिक कंटेंट को मिली छूट
हालांकि विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि वानिकी, पर्यावरण और वन्यजीव जागरूकता से जुड़े डिजिटल कंटेंट बनाने की अनुमति रहेगी, लेकिन वह पूरी तरह से आधिकारिक उद्देश्य के लिए होना चाहिए।
पहले भी लग चुकी है रोक
इससे पहले Sikkim Police ने भी इसी तरह का आदेश जारी कर पुलिसकर्मियों को वर्दी में रील बनाने से मना किया था।
रील्स की बढ़ती लत बनी चिंता
आज के समय में स्मार्टफोन और इंटरनेट की आसान पहुंच के चलते Instagram Reels और YouTube Shorts जैसे शॉर्ट वीडियो तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। 15-30 सेकंड के ये वीडियो अब सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक तरह की लत बनते जा रहे हैं, जिसे विशेषज्ञ डिजिटल एडिक्शन का बढ़ता रूप मानते हैं।
















