छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बाल्कोनगर थाना क्षेत्र के बेलाकछार गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जंगल में एक ही पेड़ पर साड़ी के फंदे से दो युवकों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय प्रमोद कंवर और 24 वर्षीय अमित माथुर के रूप में हुई। खबर मिलते ही गांव में परिजनों में कोहराम मच गया।
दोनों युवक एक ही साड़ी के फंदे में लटके थे
जानकारी के अनुसार, प्रमोद और अमित गहरे दोस्त थे और पड़ोस में ही रहते थे। दोनों रोजी-मजदूरी करते थे। बुधवार शाम तक दोनों अपने घर पर ही थे, उसके बाद बाहर गए और वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने गांव से लगभग 2 किलोमीटर दूर जंगल में पेड़ पर फंदे से लटके शव देखे।
मौके से मोबाइल फोन भी बरामद
घटना की सूचना मिलते ही बाल्कोनगर पुलिस और सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शवों को फंदे से उतारा। मौके से मृतक अमित माथुर का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि दोनों पैदल ही जंगल तक गए थे। हालांकि, दोनों ने एक साथ आत्महत्या क्यों की, यह अब तक रहस्य बना हुआ है।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है ताकि इस दोहरी आत्महत्या के पीछे की वजह सामने आ सके।
















