अंबिकापुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार देर रात संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने सीतापुर थाना क्षेत्र के राधापुर बैरियर के पास घेराबंदी कर 14 किलो गांजा के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया। हालांकि, मौके से 3 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जब्त गांजे की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़ और जशपुर के कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा सप्लाई करने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने सिविल ड्रेस में राधापुर बैरियर के पास निगरानी शुरू की। रात करीब 9 बजे दो बाइक पर सवार 5 संदिग्ध एक सुनसान जगह पर रुके, तभी टीम ने दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान 3 आरोपी भाग निकले, जबकि टीकेश्वर यादव (लैलूंगा, रायगढ़) और खिलेश्वर यादव (राजाआमा, जशपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में दोनों के पास से पिट्ठू बैग में रखे 7-7 पैकेट, कुल 14 किलो गांजा बरामद हुआ। साथ ही दो बाइक भी जब्त की गईं, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। फरार आरोपियों की पहचान दीनू यादव, किशोर पैकरा और प्रदीप यादव के रूप में हुई है, जो जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र के निवासी हैं। उनकी तलाश जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, जशपुर और रायगढ़ जिले ओडिशा बॉर्डर से लगे होने के कारण गांजा तस्करी के लिए संवेदनशील माने जाते हैं। ओडिशा में सस्ते दाम पर मिलने वाला गांजा तस्कर छत्तीसगढ़ लाकर ऊंचे दाम पर बेचते हैं।
















