अनूपपुर (मध्य प्रदेश) में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद मलबे में कई लोग फंस गए। अब तक 6 लोगों को बाहर निकाला गया है, जिनमें से 3 की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। अनूपपुर के एसपी मोती उर रहमान ने बताया कि शनिवार शाम से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 6 लोगों को मलबे से निकाला गया, जिनमें 3 की मौत हो चुकी है, जबकि बाकी की हालत स्थिर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इमारत की संरचना कमजोर थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इस मामले में धारा 304A और 290 के तहत केस दर्ज किया गया है।
वहीं, हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख रुपये, संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपये और रेडक्रॉस से 1-1 लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए हैं। घायलों को भी 2-2 लाख रुपये (स्वेच्छानुदान) और 50-50 हजार रुपये (रेडक्रॉस) की आर्थिक मदद दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
















