कटिहार से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे कोढ़ा इलाके को हिला कर रख दिया। NH-31 पर बसगड़ा चौक के पास दातपुर मुसहरी चौक के नजदीक बस और पिकअप वैन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि इसकी चपेट में आई दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
अब तक 10 लोगों की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में अब तक 10 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
नशे की हालत में था बस का चालक
बताया जा रहा है कि हरदा से पूर्णिया जा रही बस का चालक नशे की हालत में था और रास्ते में पहले भी एक-दो जगह टक्कर मार चुका था। जैसे ही बस दातपुर मुसहरी चौक के पास पहुंची, सामने से आ रही पिकअप वैन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पास से गुजर रही दो बाइक भी इसकी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण और पुलिस तुरंत राहत-बचाव कार्य में जुट गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर तरफ चीख-पुकार सुनाई दे रही है
















