शेयर बाजार में बीते सप्ताह जोरदार तेजी देखने को मिली, जिससे देश की बड़ी कंपनियों के मार्केट कैप में अच्छा-खासा उछाल आया। छुट्टियों के चलते छोटा रहा यह कारोबारी सप्ताह निवेशकों के लिए फायदेमंद साबित हुआ। टॉप-10 कंपनियों में से 8 का कुल बाजार पूंजीकरण करीब ₹1.87 लाख करोड़ बढ़ गया। इस दौरान भारती एयरटेल सबसे बड़ा लाभ कमाने वाली कंपनी रही।
बीते सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 943 अंक (1.21%) चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी में 302 अंकों की बढ़त दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव में कमी और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीदों से बाजार में सकारात्मक माहौल बना। साथ ही घरेलू आर्थिक स्थिति मजबूत रहने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा।
एयरटेल सबसे बड़ा गेनर
इस तेजी में भारती एयरटेल ने सबसे अधिक फायदा उठाया। कंपनी का मार्केट कैप लगभग ₹58,800 करोड़ बढ़कर ₹11.25 लाख करोड़ से ऊपर पहुंच गया।
अन्य कंपनियों का प्रदर्शन
LIC का मार्केट कैप ₹27,600 करोड़ से ज्यादा बढ़ा, जबकि TCS में लगभग ₹20,700 करोड़ की बढ़ोतरी हुई। रिलायंस इंडस्ट्रीज और L&T ने भी करीब ₹20,000 करोड़ की बढ़त दर्ज की। इसके अलावा ICICI बैंक, SBI और इंफोसिस की वैल्यू में भी अच्छी तेजी देखी गई।
किन कंपनियों को नुकसान ?
हालांकि, कुछ कंपनियों को नुकसान भी हुआ। HDFC बैंक का मार्केट कैप करीब ₹16,000 करोड़ घट गया, जबकि बजाज फाइनेंस की वैल्यू में लगभग ₹9,700 करोड़ की गिरावट आई।
देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी का स्थान अभी भी रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास है। इसके बाद HDFC बैंक, भारती एयरटेल, SBI और ICICI बैंक का स्थान आता है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैश्विक हालात स्थिर रहते हैं और घरेलू अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहती है, तो बाजार में यह तेजी आगे भी जारी रह सकती है।
















