इस वक्त की बड़ी खबर दक्षिण सूडान से सामने आई है। यहां राजधानी जुबा के बाहरी इलाके में सोमवार को एक सेस्ना विमान क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 13 यात्रियों और पायलट की मौत हो गई। इसकी जानकारी देश के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने दी है।
खराब मौसम बना हादसे की वजह
प्राधिकरण के अनुसार शुरुआती जांच में खराब मौसम और कम दृश्यता को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। बताया गया कि विमान में सवार लोगों में दो केन्याई नागरिक थे, जबकि बाकी सभी दक्षिण सूडान के थे।
घटनास्थल पर रेस्क्यू टीम पहुंची
अधिकारियों ने बताया कि जुबा से करीब 20 किलोमीटर दूर हादसे की जगह पर राहत और बचाव टीम भेज दी गई है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान का मलबा आग की लपटों में घिरा दिख रहा है। इलाके में धुंध और पहाड़ी स्थिति भी नजर आ रही है। फिलहाल मौके पर बचाव कार्य जारी है और मलबा हटाया जा रहा है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा
वहीं, हाल ही में दिल्ली एयरपोर्ट पर भी एक बड़ा हादसा टल गया। ज्यूरिख जाने वाली ‘स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स’ की फ्लाइट को टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी के चलते रोकना पड़ा। विमान में 232 यात्री सवार थे।
बताया गया कि ए330 विमान के लैंडिंग गियर के पास धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद पायलट ने तुरंत उड़ान रोक दी। इसके बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लागू कर दी गई। एयरलाइन के अनुसार, छह यात्रियों को मेडिकल सहायता दी गई है।
















