कोरबा जिले के कटघोरा-तुमान मुख्य मार्ग पर सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात करीब ढाई बजे एक भीषण सड़क हादसे में मां और उनकी छह माह की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे कार में सवार तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार में सवार 8 माह की बच्ची सहित तीन घायल
पुलिस के अनुसार, रीवा मध्य प्रदेश निवासी आशा केशरवानी अपनी छह माह की पुत्री छोटी के साथ कार क्रमांक सीजी 12 एएस 4330 में सवार थीं। कार चला रहा चालक एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सामने से एक अन्य वाहन आ गया, जिससे चालक कार को नियंत्रित नहीं कर सका और कार सड़क किनारे एक पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गई। हादसे में आशा केशरवानी और उनकी पुत्री छोटी की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार रीवा निवासी अमितेश गुप्ता, आशा की आठ वर्षीय पुत्री ओजस केशरवानी और कार चालक भी घायल हो गए।
गर्मी की छुट्टी मनाने कोरबा आ रहे थे
अमितेश गुप्ता पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने रीवा गए थे और अपनी बहन आशा तथा उनकी पुत्रियों को गर्मी की छुट्टी मनाने कोरबा ला रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। क्षतिग्रस्त कार को मौके से हटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।















