छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 9 लाख रुपए से ज्यादा के गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो आयशर ट्रक में इमली की आड़ में तस्करी कर रहे थे। यह पूरा मामला डोंगरीपाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 29 जून को सुहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग स्थित डोंगरीपाली मोड़ के पास घेराबंदी की। इस दौरान ओडिशा की ओर से आ रही आयशर ट्रक UP30 DT 5256 को रोका गया और उसकी जांच की गई।
इमली की बोरियों के नीचे मिला गांजा
तलाशी के दौरान ट्रक में करीब 12 टन इमली की बोरियों के नीचे 94 किलो अवैध गांजा छिपाकर रखा गया था, जिसकी कीमत लगभग 9.40 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही पुलिस ने ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त की है।
अंतर्राज्यीय दो तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड निवासी जगत मोदक और मध्यप्रदेश निवासी सुनील बर्मा शामिल हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी, 29 के तहत मामला दर्ज कर किया गया है। साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी है।
















