स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच उठ रहे सवालों और शिकायतों को जानने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी का “स्मार्ट मीटर हटाओ–प्रदेश बचाओ” अभियान लगातार शहर के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच रहा है। इसी क्रम में आज मिनी माता चौक से अभियान की शुरुआत करते हुए वार्ड क्रमांक 29 जेलपारा एवं वार्ड क्रमांक 30 बाजीराव पारा क्षेत्र में घर-घर जनसंपर्क किया गया।

कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर स्मार्ट मीटर से संबंधित उनकी परेशानियों और बिजली बिलों में हो रही वृद्धि के संबंध में जानकारी ली। जनसंपर्क के दौरान उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर हटवाने संबंधी आवेदन फार्म उपलब्ध कराए गए तथा उनकी मांगों को विधिवत दर्ज किया गया।
अभियान के दौरान जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि बिजली उपभोक्ता केवल बिल का भुगतान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष है। इसलिए बिजली बिल में होने वाली किसी भी अप्रत्याशित वृद्धि अथवा मीटर संबंधी समस्या पर उपभोक्ता की बात सुनी जानी चाहिए। कांग्रेस का प्रयास है कि प्रत्येक प्रभावित परिवार की शिकायत सामने आए और उसे शासन तथा विद्युत विभाग तक पहुंचाया जाए।
क्षेत्र के नागरिकों ने भी अभियान के प्रति अपनी रुचि व्यक्त करते हुए स्मार्ट मीटर से जुड़ी अपनी समस्याएं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समक्ष रखीं। उपभोक्ताओं का कहना था कि बिजली बिल परिवार के मासिक बजट का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उसमें अचानक होने वाली वृद्धि सीधे घरेलू अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रही है। उन्होंने अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा जताई।
जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला एवं राजू चौहान ने अभियान सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे भारत में सबसे अधिक बिजली उत्पादन करने वाला छत्तीसगढ राज्य है और छत्तीसगढ से उत्पादित बिजली देश के कई राज्यों में सप्लाई की जाती है,यानि हमारा कोयला,हमारा पानी उपयोग हो रहा है और हमको प्रदूषण भी झेलना पड़ रहा है उसके बावजूद भी राज्य की भाजपा सरकार छत्तीसगढ की गरीब जनता को स्मार्ट मीटर के जरिए महंगी बिजली परोस कर लूटने का काम कर रही है जिसके विरोध में कांग्रेस सड़क पर ऊतर कर अभियान चला रही है “स्मार्ट मीटर हटाओ–प्रदेश बचाओ” अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं की आवाज को एकजुट कर शासन तक पहुंचाना है और इस अभियान के माध्यम से सरकार को जगाना है यदि भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर हटाकर गरीबों को बिजली बिल में राहत देने का काम नहीं करती है तो कांग्रेस पार्टी जनता के सहयोग से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है जेलपारा और बाजीराव पारा में प्राप्त आवेदन भी इसी जनअभियान का हिस्सा हैं।
कांग्रेसजनों ने कहा कि अभियान आने वाले दिनों में रायगढ़ के अन्य वार्डों में भी जारी रहेगा। प्रत्येक क्षेत्र में पहुंचकर उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुना जाएगा और प्राप्त आवेदनों के माध्यम से स्मार्ट मीटर को लेकर जनता की मांग को शासन एवं विद्युत विभाग के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
उक्त कार्यक्रम में मुख्य रुप से जिला कांग्रेस शहर सरकार शाखा यादव,पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला,जिला उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह,आशीष शर्मा,वसीम खान,सत्यप्रकाश शर्मा,रत्थू जायसवाल, राजू चौहान, गुलशन साहू ,प्रमोद देवांगन, वैभव चौबे, विजय टंडन, यशोदा कश्यप ,गौरांग अधिकारी, रवि पांडे, एजाज खान, रितेश वैद्य ,रजत गोयल, मुरारी भट्ट, साहनी यादव, अमन बंजारे,जुगरी बाई,रमेश चौहान,राजेश निषाद,श्याम महंत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
















