Durg Swine Flu Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया है। एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 महीने की बच्ची की जांच रिपोर्ट में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है। बच्ची को तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षण होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
फिलहाल बच्ची का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर रख रहे हैं। मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है।
तेज बुखार के बाद कराया गया टेस्ट
दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज ने बताया कि बच्ची को करीब दो दिन पहले तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षण होने के बाद अस्पताल लाया गया था। लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों को स्वाइन फ्लू का शक हुआ।
इसके बाद बच्ची की RT-PCR जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट आने पर H1N1 वायरस की पुष्टि हुई। रिपोर्ट सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग ने मामले की निगरानी शुरू कर दी।
रिपोर्ट मिलते ही घर पहुंची टीम
बच्ची की जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंची। टीम ने परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और आसपास के इलाके में भी निगरानी बढ़ाई।
बच्ची के परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल भी लिए गए हैं। इन सैंपल की जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि परिवार के किसी अन्य सदस्य में संक्रमण तो नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग बच्ची के संपर्क में आए लोगों की जानकारी भी जुटा रहा है। इसका उद्देश्य संक्रमण के संभावित फैलाव का समय रहते पता लगाना है। विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
छोटे बच्चों में संक्रमण का खतरा ज्यादा
बच्ची की उम्र 5 साल से कम है। इस उम्र के बच्चों में फ्लू के कारण गंभीर बीमारी का खतरा अधिक हो सकता है। स्वाइन फ्लू का संक्रमण खांसने, छींकने और बात करने के दौरान निकलने वाली बूंदों या छोटे कणों के जरिए फैल सकता है।
बंद और ज्यादा भीड़ वाली जगहों पर संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें
स्वाइन फ्लू में अचानक तेज बुखार के साथ खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, सिरदर्द, कमजोरी और नाक बहने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ मरीजों को सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है।
खासकर छोटे बच्चों में लगातार बुखार, सांस लेने में परेशानी या तबीयत बिगड़ने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। सामान्य बुखार समझकर लंबे समय तक घर पर इलाज करना ठीक नहीं है।
Durg Swine Flu Caseफिलहाल स्वास्थ्य विभाग बच्ची की हालत और उसके संपर्क में आए लोगों की निगरानी कर रहा है। परिवार के सदस्यों की जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ होगी।
















