Chakradhar Samaroh 2026: रायगढ़, 17 सितम्बर 2026/ अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह के अवसर पर मोती महल परिसर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आज उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में जोरदार मुकाबले किए। पहलवानों के शानदार दांव-पेंच, जोश और खेल कौशल ने दर्शकों को रोमांचित किया।

समापन अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने बजरंगबली की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल पहलवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि चक्रधर समारोह केवल कला और संस्कृति का उत्सव नहीं है, बल्कि खेल प्रतिभाओं को मंच देने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। रायगढ़ की ऐतिहासिक माटी पर महिला एवं पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है। कुश्ती हमारी समृद्ध खेल परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, जिसमें अनुशासन, साहस, धैर्य और निरंतर अभ्यास का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के साथ राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से सीखने का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी पहलवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि चक्रधर समारोह रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। समारोह के साथ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन इसे और व्यापक स्वरूप प्रदान करता है। कुश्ती प्रतियोगिता में प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में खेलों के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
*पुरुष वर्ग के परिणाम*
80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में दिल्ली के रौनक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजस्थान के अर्जुन रूहील द्वितीय तथा महाराष्ट्र के सुयश कोलहटकर तृतीय स्थान पर रहे। वहीं 72 से 79 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा के रोहित प्रथम, हरियाणा के विकास द्वितीय तथा उत्तर प्रदेश के रितिक राना तृतीय स्थान पर रहे। 70 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में भिलाई के सतपाल यादव ने प्रथम, दुर्ग के शेख फरदीन ने द्वितीय तथा बेमेतरा के अमित यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 62 से 71 किलोग्राम भार वर्ग में दिल्ली के सागर प्रथम, महाराष्ट्र के विशाल सुर्वे द्वितीय तथा पंजाब के वंश चाहर तृतीय स्थान पर रहे। 61 से 69 किलोग्राम भार वर्ग में सुकमा के मनीष कुमार यादव प्रथम, दुर्ग के लक्की यादव द्वितीय तथा भिलाई के पवन कुमार तृतीय स्थान पर रहे। 56 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में करन कुमार प्रथम, रायपुर के नंदकुमार द्वितीय तथा महासमुंद के विक्रम साहू तृतीय स्थान पर रहे। 52 से 55 किलोग्राम भार वर्ग में बिलासपुर के पवन कुमार प्रथम, धमतरी के यश बाल्मिकी द्वितीय तथा बालोद के मेहुल टंडन तृतीय स्थान पर रहे। 48 से 51 किलोग्राम भार वर्ग में धमतरी के हितेश कुमार कुर्रे प्रथम, बिलासपुर के शुभम यादव द्वितीय तथा रायगढ़ के अमन ठाकुर तृतीय स्थान पर रहे।
*महिला वर्ग के परिणाम*
71 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में दिल्ली की स्नेहा प्रथम, हरियाणा की हंशिका द्वितीय तथा बिलासपुर की उन्नति सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। 70 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में दुर्ग की ग्रेसी पटेल प्रथम, दुर्ग की प्रेमा धीमर द्वितीय तथा बिलासपुर की उन्नति सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। 62 से 70 किलोग्राम भार वर्ग में दिल्ली की एंजल प्रथम, हरियाणा की शिनू द्वितीय तथा स्वेच्छा चौहान तृतीय स्थान पर रहीं। 61 से 69 किलोग्राम भार वर्ग में धमतरी की स्वेच्छा चौहान प्रथम, लक्ष्मी साहू द्वितीय तथा बिलासपुर की अंशिका जैन तृतीय स्थान पर रहीं। 56 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में बिलासपुर की पवनी यादव प्रथम, रायपुर की सुनीता यादव द्वितीय तथा महासमुंद की वेदांती ठाकुर तृतीय स्थान पर रहीं। 52 से 55 किलोग्राम भार वर्ग में रायपुर की निधि यादव प्रथम, बिलासपुर की जागृति केवट द्वितीय तथा दुर्ग की वंदना कोमरा तृतीय स्थान पर रहीं। 48 से 51 किलोग्राम भार वर्ग में रायपुर की राधिका पटेल प्रथम, कोरबा की उमा द्वितीय तथा डिम्पल साहू तृतीय स्थान पर रहीं।

इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, श्री अरूणधर दीवान, श्री गुरूपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विकास केडिया, श्री जतीन साव, श्री सलीम नियारिया, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, सहायक कलेक्टर श्री गोकुल, आर.के, श्री श्याम सोनी, श्री दिनेश जायसवाल, श्री राजानंद यादव, श्री सी.बी. पाण्डेय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
















