Raigarh News: *रायगढ़, 6 नवंबर* । लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के शिल्पी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित भव्य एकता परेड में देश के विभिन्न राज्यों एवं सुरक्षा बलों के जवानों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। आयोजन का विशेष आकर्षण पुलिस एवं सुरक्षा बलों के प्रशिक्षित श्वानों का परेड दल रहा, जिसमें छत्तीसगढ़ पुलिस के विभिन्न जिलों में कार्यरत 17 पुलिस श्वानों को भी शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ। श्वान दल की परेड प्लाटून में 15 सीआरपीएफ एवं 15 छत्तीसगढ़ पुलिस के श्वानों का चयन किया गया था। इस गौरवपूर्ण आयोजन में जिला पुलिस रायगढ़ की ट्रेकर डॉग रूबी ने अपने डॉग मास्टर आरक्षक वीरेंद्र आनंद के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार सहभागिता निभाई।

Read More : Ramayana OTT Details: ‘रामायण’ की OTT रिलीज पर आया बड़ा अपडेट, थिएटर के बाद इस OTT पर होगी स्ट्रीम
रायगढ़ पुलिस के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने डॉग मास्टर आरक्षक वीरेंद्र आनंद एवं ट्रेकर डॉग रूबी को सम्मानित किया। साथ ही डॉग मास्टर को नकद पुरस्कार प्रदान कर उनके समर्पण, मेहनत और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रोत्साहित किया। उल्लेखनीय है कि जिला पुलिस रायगढ़ की ट्रेकर डॉग रूबी वर्ष 2017 से लगातार जिले में अपनी सेवाएं दे रही है। अपनी असाधारण सूंघने की क्षमता और प्रशिक्षित कौशल के दम पर रूबी ने जिले के कई गंभीर एवं चुनौतीपूर्ण अपराधों की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सारंगढ़ के गिरी पैलेस चोरी कांड, छाल थाना क्षेत्र के ग्राम कीदा में हुए तिहरे हत्याकांड तथा चक्रधरनगर क्षेत्र के चर्चित काजल मसंत हत्याकांड सहित कई गंभीर मामलों में रूबी ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाकर पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद की। विशेष रूप से कई मामलों में रूबी ने चंद घंटों के भीतर महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध कराकर विवेचना को निर्णायक दिशा दी। रक्षित निरीक्षक श्री अमित सिंह के अधीन जिले में उपलब्ध ट्रेकर डॉग “रूबी” एवं स्नीफर डॉग “राजेश” को नियमित रूप से विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि अपराध नियंत्रण, घटनास्थल परीक्षण एवं आपराधिक मामलों के अनुसंधान में उनकी दक्षता बनी रहे।

👉🏻 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश*
*”पुलिस की कार्यक्षमता केवल मानव संसाधन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रशिक्षित श्वान भी अपराध अनुसंधान एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रीय स्तर के गौरवपूर्ण आयोजन में रायगढ़ पुलिस की ट्रेकर डॉग रूबी और उसके डॉग मास्टर की सहभागिता पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रशिक्षण का परिणाम है।”*
















