केरल के त्रिशूर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में स्टेशन के पास प्लेटफॉर्म नंबर-2 के नजदीक बनी टू-व्हीलर पार्किंग में खड़ी 200 से अधिक मोटरसाइकिल और स्कूटर जलकर खाक हो गए। घटना के बाद यात्रियों और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
सुबह 6.45 बजे लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 6.45 बजे मिली। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे पार्किंग एरिया को अपनी चपेट में ले लिया। इस पार्किंग में रोजाना आमतौर पर 500 से ज्यादा दोपहिया वाहन खड़े रहते हैं।
फ्यूल की वजह से तेजी से फैली आग
माना जा रहा है कि खड़ी गाड़ियों में मौजूद फ्यूल के कारण आग तेजी से फैली और कुछ ही मिनटों में इसका दायरा बढ़ गया। आग की सूचना मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।
आधा घंटे में आग पर पाया गया काबू
फायर टेंडर्स को आग बुझाने में करीब आधा घंटा लगा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, आग बुझने के बाद भी कुछ समय तक पूरे इलाके में धुआं छाया रहा, जिससे यात्रियों और स्टेशन स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई वाहन पूरी तरह नष्ट
चश्मदीदों के मुताबिक, कई दोपहिया वाहन पूरी तरह जल गए, जबकि कुछ को आंशिक नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही वाहन मालिक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी गाड़ियां जलकर राख हो चुकी थीं। नष्ट हुए वाहनों की सही संख्या का आकलन अभी किया जा रहा है।
आग के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट, फ्यूल लीक या किसी अन्य वजह से लगी थी।
















