रायगढ़, 10 जनवरी 2026।
महिला थाना पुलिस ने किशोर बालिका से छेड़छाड़ कर उसे जान से मारने की धमकी देने वाले एक अधेड़ व्यक्ति को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पीड़ित बालिका ने 9 जनवरी 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बालिका ने बताया कि वह आईटीआई कॉलोनी, चक्रधरनगर निवासी बजरंग चौहान (उम्र 40 वर्ष) को पहले से जानती है। पीड़िता के अनुसार 8 जनवरी 2026 को वह स्कूटी से अपनी मां को लेने जा रही थी। इसी दौरान शाम करीब 7:30 बजे सिटी कॉलेज बेलादुला के पास मुस्लिम कब्रिस्तान के सामने सुनसान सड़क पर आरोपी मोटरसाइकिल से उसका पीछा करते हुए पहुंचा। आरोपी स्कूटी के बराबर चलने लगा और साथ चलने के लिए दबाव बनाने लगा।

आरोप है कि इस दौरान उसने गलत नीयत से बालिका का स्वेटर खींचा, अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। घटना से डरी-सहमी बालिका वहां से स्कूटी लेकर भागी और कमला नेहरू पार्क, रायगढ़ पहुंची, जहां उसने अपनी मां को फोन कर पूरी घटना बताई। कुछ समय बाद आरोपी वहां भी पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा।
बालिका की शिकायत पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 78, 74, 75(2), 76, 296, 351(3) बीएनएस एवं धारा 8 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। प्रकरण दर्ज होते ही महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 AS 1652 को चाबी सहित जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी को आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की तलाश, गिरफ्तारी एवं विवेचना की कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह एवं महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















