रायगढ़,6 फरवरी 2026।
रायगढ़ जिले के मंगल कार्बन प्लांट में हुए हादसे में 9 माह की बच्ची सहित 7 लोग झुलस गए। घटना के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में गंभीर लापरवाही सामने आने पर प्लांट को सील कर दिया गया है। मामले में प्लांट मैनेजर समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में हुए हादसे की जांच के दौरान सामने आया कि फर्नेस पूरी तरह ठंडा होने से पहले ही उसका गेट खोल दिया गया था। इसी लापरवाही के चलते आग भड़क गई और यह हादसा हुआ।
इस घटना में रजघट्टा निवासी कौशल कुमार पटेल, शिव खड़िया, साहेबलाल खड़िया, उरासिनी खड़िया, 9 माह की बच्ची भूमि खड़िया तथा नंदेली निवासी प्रिया और इंदीवर आग की चपेट में आकर झुलस गए।
हादसे के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने प्लांट का संचालन तत्काल बंद करा दिया। साथ ही कारखाना अधिनियम 1948 की धारा 7(a)(1), 7(a)(2)(a), 7(a)(2)(c), 41 और 73 के तहत प्लांट प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अविनाश गर्ग को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
घटना को लेकर रजघट्टा निवासी आशा बाई खड़िया ने खरसिया थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह वह चमार सिंह के साथ पुराने टायर ट्रैक्टर में लोड कर रही थीं। इसी दौरान इंदीवर, कुलदीप, कौशल पटेल और शिव खड़िया प्लांट के फर्नेस का ढक्कन खोल रहे थे, तभी अचानक आग की लपटें बाहर निकल आईं और यह हादसा हो गया।
















