बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के मामलों को लेकर लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज है। इसी बीच इसका असर IPL 2026 पर भी देखने को मिला है। IPL 2026 ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को खरीदे जाने के बाद से ही फ्रेंचाइजी को सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा था। अब इस पूरे मामले पर BCCI ने सख्त रुख अपनाया है।
मुस्तफिजुर रहमान नहीं खेलेंगे IPL 2026
IPL 2026 ऑक्शन में बिकने वाले मुस्तफिजुर रहमान एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी थे। बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचार की खबरों के बीच KKR द्वारा उन्हें खरीदने से फैंस खासे नाराज थे। कई प्रशंसकों ने KKR के को-ओनर शाहरुख खान से अपील की थी कि मुस्तफिजुर को टीम से रिलीज किया जाए।
अब BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इस मामले पर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने KKR को मुस्तफिजुर रहमान को तुरंत रिलीज करने का निर्देश दे दिया है।
BCCI सचिव का बयान
एएनआई से बातचीत में देवजीत सैकिया ने कहा,
“हाल ही में जो कुछ भी हुआ है, उसे देखते हुए BCCI ने फ्रेंचाइजी KKR को बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को अपने स्क्वाड से रिलीज करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि अगर KKR किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की मांग करती है, तो BCCI की ओर से उसे अनुमति दी जाएगी।
BCCI ने टीम इंडिया के सिलेक्शन पर भी दिया अपडेट
मुस्तफिजुर रहमान के मुद्दे के अलावा BCCI ने टीम इंडिया के चयन को लेकर भी जानकारी दी है। 11 जनवरी से भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। इसको लेकर चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
देवजीत सैकिया ने कहा,
“आप सभी जानते हैं कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज होनी है। आज हमारी चयनकर्ताओं के साथ बैठक है और दोपहर में न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया जाएगा।”
इस तरह बांग्लादेश विवाद का सीधा असर IPL 2026 और KKR की टीम पर पड़ता दिख रहा है, जबकि भारतीय टीम के फैंस को भी जल्द ही नए स्क्वाड का इंतजार खत्म होने वाला है।
















