जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह सब-डिवीजन के थानाला इलाके में सेना का एक वाहन खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में 10 जवान शहीद हो गए, जबकि 7 अन्य घायल हो गए हैं।
भद्रवाह–चंबा रोड पर हुआ हादसा
गुरुवार को डोडा जिले में सेना का बुलेटप्रूफ वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। यह हादसा भद्रवाह–चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास हुआ। वाहन में कुल 17 जवान सवार थे, जो एक ऊंची पोस्ट की ओर जा रहे थे।
200 फीट गहरी खाई में गिरा वाहन
अधिकारियों के मुताबिक, वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे सेना का वाहन करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही कई जवानों की जान चली गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन में मिले 10 जवानों के शव
घटना की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस ने मिलकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान 10 जवानों के शव बरामद किए गए। वहीं, 7 जवान घायल अवस्था में पाए गए।
घायलों को एयरलिफ्ट कर भेजा गया अस्पताल
घायल जवानों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 3 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए उधमपुर स्थित मिलिट्री अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया है।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया शोक
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि डोडा में हुए इस दुखद सड़क हादसे में 10 बहादुर सैनिकों के बलिदान से वह बेहद आहत हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।















