भारत माला परियोजना से जुड़े कथित घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो/इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ACB/EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से फरार चल रहे दो राजस्व अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अधिकारियों में तत्कालीन तहसीलदार अभनपुर शशिकांत कुर्रे और तत्कालीन नायब तहसीलदार गोबरा नवापारा लखेश्वर प्रसाद किरण शामिल हैं।
गिरफ्तारी के बाद दोनों को ACB/EOW की विशेष अदालत में पेश किया गया। एजेंसी ने विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग की, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया। अदालत ने दोनों अधिकारियों को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजते हुए 20 फरवरी तक ACB/EOW को सौंप दिया है।
मामला भारत माला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण और मुआवजा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। जांच के दौरान दोनों अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। रिमांड अवधि में एजेंसी दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गहन पूछताछ करेगी।
सूत्रों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
















