लुधियाना से दरभंगा जा रही एक डबल डेकर बस सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पलट गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए हैं।
यह दुर्घटना गोसाईगंज थाना क्षेत्र के खेमा खेड़ा गांव के पास हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की एक वजह ड्राइवर को झपकी आना भी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
















