रायगढ़, 12 जनवरी। कोतरारोड़ पुलिस ने आज 12 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर अवैध धान परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने धान से लदा एक माजदा वाहन लावारिस हालत में जब्त किया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 99 हजार रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतरारोड़ के प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज को सूचना मिली थी कि ग्राम कुलबा–सरवानी मार्ग पर कुलबा तालाब के पास एक सफेद रंग का सरताज माजदा वाहन क्रमांक CG 11 BQ 7835 संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को मौके पर उक्त माजदा वाहन लावारिस स्थिति में मिला। जांच के दौरान वाहन में 80 बोरी धान पाया गया, जिसमें प्रत्येक बोरी में 40-40 किलोग्राम धान भरा हुआ था। घटना स्थल और आसपास के इलाके में वाहन चालक और स्वामी के संबंध में पूछताछ एवं तलाश की गई, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
प्रथम दृष्टया मामले में धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत अपराध बनता पाए जाने पर पुलिस ने मौके पर ही गवाहों की मौजूदगी में माजदा वाहन (अनुमानित कीमत लगभग ₹12 लाख) और उसमें लोड 80 बोरी धान (अनुमानित कीमत करीब ₹99 हजार) को विधिवत जप्ती पत्रक के माध्यम से जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹12 लाख 99 हजार है।
इस मामले में थाना कोतरारोड़ में इस्तगासा क्रमांक 01/26 धारा 106 बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जब्त संपत्ति के स्वामी एवं वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रधान आरक्षक करूणेश राय, आरक्षक संदीप कौशिक, आरक्षक चुडामणी गुप्ता एवं आरक्षक राजेश खाण्डे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोतरारोड़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
















