छत्तीसगढ़ के ट्रेन यात्रियों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल में एक बार फिर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा फोर्थ लाइन कनेक्टिविटी और ऑटो सिग्नलिंग के कार्य के चलते 15 अप्रैल से 27 अप्रैल तक कई यात्री ट्रेनों में बदलाव किया गया है।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, इस अवधि में 13 यात्री ट्रेनों को पूर्णतः रद्द कर दिया गया है, जबकि 2 ट्रेनों को अपने निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा। इससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। बताया गया है कि जांजगीर-नैला स्टेशन पर कनेक्टिविटी कार्य किया जाएगा, जिसके कारण इस रूट पर ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। यह कार्य रेल लाइन की क्षमता बढ़ाने और यातायात को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से इस सेक्शन में अधोसंरचना विकास के कार्य लगातार जारी हैं, जिसके चलते समय-समय पर ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया जा रहा है।















