गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर बड़ी गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर सोना करीब 1000 रुपये तक सस्ता हुआ, जबकि चांदी में करीब 8500 रुपये की तेज गिरावट देखने को मिली। कीमती धातुओं में यह कमजोरी सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रही, बल्कि वैश्विक बाजार में भी दबाव नजर आया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो कोमेक्स (COMEX) पर सोना करीब 0.27 फीसदी टूटकर 11.20 डॉलर की गिरावट के साथ 5087 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गया। वहीं चांदी में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। यह करीब 2 फीसदी कमजोर होकर खबर लिखे जाने तक लगभग 82 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही थी। वैश्विक संकेतों और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।
आपके शहर में क्या हैं सोने-चांदी के ताजा रेट?
| शहर | सोना/10 ग्राम (24K) | सोना/10 ग्राम (22K) | सोना/10 ग्राम (18K) | चांदी प्रति किलो |
| नई दिल्ली | ₹157,390 | ₹144,274 | ₹118,043 | ₹256,610 |
| मुंबई | ₹157,670 | ₹144,531 | ₹118,253 | ₹257,060 |
| पटना | ₹157,580 | ₹144,448 | ₹118,185 | ₹256,920 |
| जयपुर | ₹157,640 | ₹144,503 | ₹118,230 | ₹257,020 |
| कानपुर | ₹157,820 | ₹144,668 | ₹118,365 | ₹258,130 |
| लखनऊ | ₹157,820 | ₹144,668 | ₹118,365 | ₹258,130 |
| भोपाल | ₹157,940 | ₹144,778 | ₹118,455 | ₹258,330 |
| इंदौर | ₹157,940 | ₹144,778 | ₹118,455 | ₹258,330 |
| चंडीगढ़ | ₹157,780 | ₹144,632 | ₹118,335 | ₹258,060 |
| रायपुर | ₹157,720 | ₹144,577 | ₹118,290 | ₹257,960 |
MCX पर क्या हैं सोने-चांदी के ताजा रेट?
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर 2 अप्रैल 2026 डिलिवरी वाला सोना 0.60 फीसदी यानी 954 रुपए की कमी के साथ 1,57,801 रुपए (gold price today) प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इस दौरान सोने का लो लेवल 1,57,353 रुपए और हाई लेवल 1,58,747 रुपए रहा।
पिछले कारोबारी सत्र के दौरान यह 1,58,755 रुपए पर क्लोज हुआ था। वहीं, जून 2026 डिलिवरी वाले गोल्ड में 399 रुपए की मामूली गिरावट आई और कीमत 1,61,300 रुपए हो गई।
इसके अलावा, शाम 7 बजे तक 5 मार्च 2026 डिलिवरी वाली चांदी 2.49 फीसदी यानी 6559 रुपए टूट गई और 2,56,459 रुपए प्रति किलोग्राम (silver price today) पर ट्रेड करने लगी। इस दौरान इसका लो लेवल 2,54,526 रुपए और हाई लेवल 2,62,775 रुपए रहा।
पिछले दिन यह 2,63,018 रुपए पर क्लोज हुई थी। पिछले दिन के क्लोज और आज के लो लेवल से कंपेयर करें तो चांदी में 8492 रुपए तक की गिरावट आई।
IBJA पर कहां पहुंचे सोने-चांदी के दाम?
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन पर पर 24 कैरेट सोना 1672 रुपए कमजोर होकर 1,55,650 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। जबकि चांदी में 7316 रुपए की गिरावट आई और कीमत 2,59,133 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।
















