महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर रायपुर में शांति और श्रद्धा बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। 30 जनवरी को नगर निगम क्षेत्र में मीट और मटन की सभी दुकानें और स्लॉटरहाउस पूरी तरह बंद रहेंगे। इसे लेकर मेयर ने सख्त आदेश जारी किए हैं, जिनका पालन करना जरूरी होगा।
30 जनवरी को नहीं होगी मांस-मटन की बिक्री
नगर निगम के हेल्थ डिपार्टमेंट के अनुसार, यह आदेश छत्तीसगढ़ सरकार के अर्बन एडमिनिस्ट्रेशन एंड डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के निर्देशों के तहत जारी किया गया है। इस दिन शहर में किसी भी तरह का मीट या मटन नहीं बेचा जाएगा। बैन को सही तरीके से लागू करने के लिए सभी ज़ोन में हेल्थ ऑफिसर और सैनिटेशन इंस्पेक्टर लगातार निगरानी करेंगे। मीट दुकानों के साथ-साथ होटल और ढाबों पर भी खास नजर रखी जाएगी।
नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर निगम ने साफ किया है कि अगर कोई दुकान या होटल आदेश के बावजूद मीट बेचते हुए पाया गया, तो उसका सामान जब्त किया जाएगा और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निगम ने दुकानदारों और होटल संचालकों से अपील की है कि वे तय तारीख को नियमों का पालन करें, ताकि लोगों की भावनाओं और शहर की व्यवस्था बनी रहे।
















