रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप-डी के 22,195 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आज 31 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 2 मार्च तय की गई है। वहीं, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन के दौरान कोई गलती हो जाती है, उन्हें 5 मार्च से 14 मार्च के बीच फॉर्म में सुधार करने का मौका मिलेगा।
RRB ग्रुप-डी भर्ती के जरिए रेलवे के विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ लें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
आयु-सीमा
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की आयु 18 से 33 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों की आयु की गणना 01 जनवरी, 2026 के आधार पर की जाएगी। हालांकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु-सीमा में छूट भी दी जाएगी।

परीक्षा शुल्क
आरआरबी ग्रुप-डी की परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को परीक्षा शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य है। अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क 500 रुपये और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है।
चार फेज में होगा चयन
ग्रुप-डी के पदों पर नौकरी करने के लिए उम्मीदवारों का चयन चार फेज में किया जाएगा। उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा, पीईटी, दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया और मेडिकल परीक्षा में शामिल होना होगा। लिखित परीक्षा कुल 100 अंकों के लिए आयोजित कराई जाएगी। इस परीक्षा में उम्मीदवारों से सामान्य विज्ञान, गणित, रीजनिंग और करंट अफेयर्स विषय से 100 सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी। साथ ही परीक्षा में गलत उत्तर के लिए 1/3 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी की जाएगी।
इतनी मिलेगी हर महीने सैलरी
ग्रुप-डी के पदों पर चयनित किए गए उम्मीदवारों को हर महीने 18,000 रुपये के वेतनमान प्रदान किया जाएगा।
ऐसे करें अप्लाई
- आवेदन करने के लिए सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट www.rrbapply.gov.in विजिट करें।
- अब वेबसाइट के होमपेज पर अप्लाई रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें।
- इसके बाद व्यक्तिगत जानकारी जैसे मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी आदि को दर्ज करें।
- अब जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी को अपलोड करके परीक्षा शुल्क का भुगतान करें।
- अंत में इसका एक प्रिंट आउट भी अवश्य निकाल लें।