इंडियन आर्मी में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस, जबलपुर (मध्य प्रदेश) द्वारा महिला मिलिट्री पुलिस के पद के लिए एक भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती रैली 23 फरवरी 2026 को पुलिस ग्राउंड, झिंझरी कटनी (म.प्र.) में आयोजित होगी। इसमें छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों से चयनित महिला उम्मीदवार हिस्सा लेंगी।
CEE में सफल अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत इंडियन आर्मी ने 30 जून 2025 से 10 जुलाई 2025 के बीच ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया था। इस परीक्षा में सफल घोषित महिला उम्मीदवारों को ही भर्ती रैली में शामिल होने का अवसर मिलेगा। रैली के दौरान फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और अन्य चयन प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
24 फरवरी को होगी मेडिकल जांच
भर्ती रैली में फिजिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में सफल महिला उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण 24 फरवरी 2026 को आर्मी हॉस्पिटल, जबलपुर में किया जाएगा। मेडिकल जांच में फिट पाए जाने के बाद ही अंतिम चयन की पुष्टि होगी।
इंडियन आर्मी ने भर्ती रैली के लिए पात्र उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जारी कर दिए हैं। एडमिट कार्ड उम्मीदवारों के रजिस्टर्ड ई-मेल पते पर भी भेजे गए हैं।
उम्मीदवारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे भर्ती स्थल पर अपना एडमिट कार्ड, सभी मूल शैक्षणिक एवं पहचान संबंधी दस्तावेज और आधार से लिंक मोबाइल फोन अनिवार्य रूप से साथ लाएं।
छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए देश सेवा का मौका
महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती रैली छत्तीसगढ़ की युवा महिलाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने का एक बेहतरीन अवसर है। यह भर्ती न सिर्फ अनुशासन और सम्मान से भरा करियर देती है, बल्कि राज्य की बेटियों के लिए गौरव का विषय भी है।
















