छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच जारी मुठभेड़ दूसरे दिन भी थमी नहीं। बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में 17 जनवरी से शुरू हुई यह मुठभेड़ रविवार को भी लगातार चलती रही। तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों ने एक बार फिर जवानों पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में दो और माओवादी मारे गए।
अब तक 6 नक्सलियों के शव बरामद
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि क्षेत्र में रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। सुरक्षाबल पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, ताकि नक्सली गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके। अब तक इस मुठभेड़ में कुल 6 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 4 महिला और 2 पुरुष माओवादी शामिल हैं।
सर्च ऑपरेशन के दौरान मिली कामयाबी
एसपी जितेंद्र यादव के मुताबिक, 17 जनवरी को दोपहर के समय सबसे पहले दो माओवादी कैडर के शव बरामद हुए थे। इसके बाद शाम को हुई मुठभेड़ में दो अन्य नक्सली ढेर कर दिए गए। वहीं 18 जनवरी, रविवार को तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों ने दोबारा गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। इस कार्रवाई में दो और माओवादी मारे गए, जिनके शव बाद में सर्च के दौरान मिले।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की है। बरामद हथियारों में दो AK-47 राइफल, एक INSAS राइफल, दो 303 राइफल, एक कार्बाइन और छह ग्रेनेड शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बरामदगी से नक्सलियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
















