रायगढ़। शहर में एक बार फिर चोरों के हौसले बढ़ते नजर आ रहे हैं। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के बोईरदादर इलाके में चोरों ने एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए आईफोन और सैमसंग जैसे महंगे मोबाइलों के साथ लाखों रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।
यह घटना बोईरदादर स्थित ‘साहा मोबाइल कलेक्शन’ की है। दुकान के संचालक सुरेश साहा को चोरी की जानकारी आज सुबह करीब 8 बजे मिली, जब पास की दुकान के एक व्यापारी ने उन्हें ताला टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी से नकदी गायब थी।
जानकारी के मुताबिक, चोर करीब 3 लाख रुपये नकद और कई कीमती स्मार्टफोन चोरी कर ले गए। चोरी किए गए मोबाइलों में आईफोन, सैमसंग और सैमसंग अल्ट्रा जैसे प्रीमियम फोन शामिल हैं। जिस तरीके से चोरों ने ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया, उससे इलाके के दुकानदारों में डर और नाराजगी देखी जा रही है।
सूचना मिलते ही चक्रधर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
















