बरगढ़ कस्बे में कपड़ा व्यापारी के 13 वर्षीय बेटे का अपहरण कर लिया गया। 40 लाख रुपये की फिरौती न मिलने पर बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह किशोर का शव घर से कुछ दूरी पर खून से सनी हालत में मिला।
पुलिस और अपहरणकर्ताओं के बीच हुई मुठभेड़ में प्रयागराज के कर्मा गांव निवासी एक आरोपी कल्लू पुलिस की गोली से मारा गया, जबकि दूसरा आरोपी इरफान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। सभी आरोपी कर्मा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना से गुस्साए लोगों ने झांसी–मीरजापुर हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
बरगढ़ बाजार में कपड़ों की दुकान चलाने वाले अशोक कुमार केसरवानी का बेटा आयुष गुरुवार शाम करीब छह बजे कोचिंग के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शाम करीब नौ बजे अपहरणकर्ताओं ने फोन कर 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
घबराए परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की सक्रियता के बाद बदमाशों ने किशोर की हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे आयुष का शव मिलने के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
















