आरक्षी, नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 में अब होमगार्ड को भी आयु सीमा में तीन साल की छूट दी जाएगी। होमगार्ड महिला और पुरुष श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 25 साल की जगह अब 28 साल हो जाएगी।
अपर सचिव भर्ती सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के अनुसार, महिला और पुरुष दोनों श्रेणी के लिए जन्मतिथि 2 जुलाई 1997 से 1 जुलाई 2007 के बीच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती में सभी वर्गों के लिए आयु सीमा में तीन साल की छूट दी गई है।
इस आदेश को 5 जनवरी को जारी किया गया था और उसी के तहत अब होमगार्ड को भी आयु सीमा में छूट मिल रही है। अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे अधिक जानकारी के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड की वेबसाइट http://uppbpb.gov.in नियमित रूप से देखें।
पुलिस विभाग में 32,679 सिपाही और समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बीते वर्ष 31 दिसंबर से शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जनवरी है।
इन पदों पर होगी भर्ती
- सिपाही पीएसी/सशस्त्र पुलिस- 15,131
- सिपाही नागरिक पुलिस – 10,469
- सिपाही विशेष सुरक्षा बल – 1,341
- सिपाही घुड़सवार पुलिस – 71
- जेल वार्डर (पुलिस) -3,279
- जेल वार्डर (महिला) -106
















