गुरुवार, 15 जनवरी 2026 को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के चुनाव और महाराष्ट्र में अन्य स्थानीय निकाय चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में ट्रेडर्स और निवेशकों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि मतदान के दिन शेयर बाजार खुले रहेंगे या नहीं। साथ ही, क्या NSE और BSE पर ट्रेडिंग होगी? आइए जानते हैं।
15 जनवरी 2026 को NSE-BSE पर ट्रेडिंग होगी या नहीं?
महाराष्ट्र में म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनावों को देखते हुए BSE और NSE दोनों ने अपने कैलेंडर में बदलाव किया है, जिसके कारण 15 जनवरी को भारतीय शेयर बाजार ट्रेडिंग के लिए बंद रहेंगे। यानी NSE-BSE पर ट्रेडिंग नहीं होगी।
BSE और NSE ने घोषणा की थी कि महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव के कारण गुरुवार, 15 जनवरी को इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट में ट्रेडिंग बंद रहेगी। इसके अलावा, करेंसी मार्केट भी बंद रहेंगे, जबकि कमोडिटी डेरिवेटिव सेगमेंट में ट्रेडिंग शाम के सेशन में होगी।
पहले इसे सेटलमेंट हॉलिडे बताया गया था, लेकिन अब इसे पूरी तरह ट्रेडिंग हॉलिडे घोषित कर दिया गया है। एक्सचेंज की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट (EGR) सेगमेंट में कोई ट्रेडिंग नहीं होगी।
NSE-BSE ने सर्कुलर में दी जानकारी
NSE ने ट्रेडिंग हॉलिडे की वजह से पिछले सेटलमेंट शेड्यूल को वापस लेने की घोषणा करते हुए एक सर्कुलर जारी किया था। क्लियरिंग कॉर्पोरेशन ने पुष्टि की है कि T+1 और T+0 के लिए कोई ट्रेडिंग या सेटलमेंट नहीं होगा।
जबकि इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट पूरी तरह से बंद रहेंगे, कमोडिटी मार्केट में आंशिक रूप से काम होगा। BSE ने बताया है कि सुबह का सेशन सस्पेंड रहेगा, लेकिन कमोडिटी डेरिवेटिव सेगमेंट का शाम का सेशन सामान्य रूप से चलेगा, जिससे ट्रेडर्स को हिस्सा लेने के लिए कुछ समय मिलेगा।
2026 में कब-कब बंद रहेगा बाजार?
स्टॉक मार्केट हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, साल 2026 में शेयर बाजार कुल 16 दिन बंद रहेंगे। पहली छुट्टी 15 जनवरी को होगी, जबकि जनवरी महीने की दूसरी छुट्टी 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) को पड़ेगी।
मार्च महीने में सबसे ज्यादा शेयर बाजार की छुट्टियां रहेंगी। इसके अलावा अप्रैल, मई, अक्टूबर और नवंबर में दो-दो छुट्टियां होंगी। वहीं, चार छुट्टियां वीकेंड पर पड़ रही हैं, जिनमें महाशिवरात्रि, ईद, स्वतंत्रता दिवस और दिवाली लक्ष्मी पूजन शामिल हैं।
















