रायगढ़, 8 जनवरी 2026/ रायगढ़ जिले के विकासखण्ड खरसिया अंतर्गत माण्ड नदी पर स्थित चपले एनीकट में संचालित हाईड्रो पंपिंग आधारित सिंचाई परियोजना का आज कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने निरीक्षण किया। इस दौरान भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) बैंगलुरु के प्रोफेसर श्री पुनित सिंह, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग श्री होमेश नायक, संबंधित अनुविभागीय अधिकारी, तकनीकी अमला तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
निरीक्षण के समय अधिकारियों ने जानकारी दी कि शासन द्वारा इस महत्वाकांक्षी सिंचाई परियोजना के लिए 292.89 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से 196.52 लाख रुपये की राशि का अनुबंध किया जा चुका है। वर्तमान में हाईड्रो टरबाइन पंप आधारित प्लेटफॉर्म का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं प्लेटफॉर्म से डिस्ट्रीब्यूशन चैम्बर तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य 50 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। चपले एनीकट से हाईड्रो टरबाइन पंप आधारित प्लेटफॉर्म के बीच पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद चपले एनीकट से पानी डिस्ट्रीब्यूशन प्रणाली के माध्यम से तालाब तक पहुंचाया जाएगा तथा वहां से फील्ड चैनलों के जरिए किसानों के खेतों तक सिंचाई जल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
















