महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में शुक्रवार सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू हो गई है। हालांकि, इस बार मुंबई में BMC चुनाव के नतीजे आने में देरी की संभावना जताई जा रही है। इसकी वजह मतगणना प्रक्रिया में किया गया बदलाव बताया जा रहा है, जिससे शुरुआती रुझान और अंतिम परिणाम आने में अधिक समय लग सकता है।
मुंबई महानगरपालिका (BMC) के 227 निर्वाचन वार्डों के लिए शुक्रवार सुबह 10 बजे से 23 मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू की गई। पहले सभी वार्डों की गिनती एक साथ होती थी, लेकिन इस बार प्रक्रिया को चरणबद्ध कर दिया गया है। अब एक साथ सभी वार्डों के बजाय केवल दो-दो वार्डों की मतगणना की जा रही है।
इसी बदलाव के चलते सुबह 10 बजे सिर्फ 46 वार्डों की ही गिनती शुरू हो सकी, जिससे BMC चुनावों के नतीजों में देरी होना तय माना जा रहा है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी निगरानी और कंप्यूटरीकृत सिस्टम का सहारा लिया जा रहा है। 23 रिटर्निंग अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र में स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना स्थलों की निगरानी की जा रही है।
देश की सबसे अमीर महानगर पालिका मुंबई के 227 वार्डों के लिए कुल 1,700 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं।














