कोहरे का असर रविवार को भी हवाई यातायात पर देखने को मिला। नई दिल्ली से देश-विदेश के विभिन्न गंतव्यों के लिए जाने वाली करीब दो तिहाई उड़ानें तय समय से देरी से रवाना हुईं। विलंबित उड़ानों में औसतन लगभग आधे घंटे की देरी दर्ज की गई। हालांकि रद्द उड़ानों की संख्या पिछले दिनों के मुकाबले कम रही।
आठ उड़ानें रद्द, एलायंस एयर की संख्या सबसे ज्यादा
रविवार को कुल करीब आठ उड़ानों को रद्द किया गया। इनमें से पांच उड़ानें एलायंस एयर की रहीं। इसके अलावा एक उड़ान एयर इंडिया और एक उड़ान इंडिगो की भी रद्द की गई। रद्द की गई उड़ानों के गंतव्यों में गोरखपुर, कुल्लू, जबलपुर, हिसार, धर्मशाला, वाराणसी, मुंबई और चंडीगढ़ शामिल हैं।
देर रात से तड़के चार बजे तक सबसे ज्यादा देरी
उड़ानों में सबसे ज्यादा देरी देर रात से तड़के चार बजे के बीच दर्ज की गई। इस दौरान शायद ही कोई ऐसी उड़ान रही, जिसमें एक घंटे से कम का विलंब हुआ हो। सुबह चार बजे के बाद हालात में कुछ सुधार जरूर देखने को मिला, लेकिन उड़ानों का विलंब पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका।
अन्य शहरों पर भी पड़ा असर
दिन में कुछ समय के लिए लगा कि हालात सामान्य हो जाएंगे, लेकिन अन्य गंतव्यों से दिल्ली आने वाली उड़ानों की देरी का असर यहां से रवाना होने वाली फ्लाइट्स पर भी पड़ने लगा। इसके चलते उड़ानों की समय-सारिणी बिगड़ गई और इसका असर पूरे दिन बना रहा।
यात्रियों के लिए लगातार जारी होती रही एडवाइजरी
स्थिति को देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों और IGI एयरपोर्ट की संचालन एजेंसी डायल (DIAL) की ओर से यात्रियों के लिए समय-समय पर एडवाइजरी जारी की जाती रही।
















